
मोंठ और चिरगांव में हुआ जोरदार स्वागत, युवाओं से संगठन और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
- रवि कुमार गुप्ता
झांसी। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का झांसी जनपद के मोंठ और चिरगांव में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मोंठ में युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कपिल मुदगिल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा पार्टी की नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

झांसी पहुंचने पर देर रात आयोजित युवा कार्यकर्ता सम्मेलन में भी प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की पीड़ा उनकी अपनी पीड़ा है और सरकार युवाओं के हितों की रक्षा तथा उनके विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

छात्र आंदोलनों के संबंध में पूछे गए सवाल पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि यदि कोई भारत को नेपाल या बांग्लादेश जैसे हालात की ओर ले जाने का प्रयास करेगा, तो उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ गलतियां हुई थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अभिभावक की भूमिका निभाते हुए छात्रों को माफ किया और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल युवाओं की समस्याएं सुन ही नहीं रही, बल्कि उनके समाधान के लिए भी लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। साथ ही उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


