HomeNEWS‘भाजपा पेपर चोर’: राहुल गांधी ने छात्रों के आंदोलन को दिया समर्थन

‘भाजपा पेपर चोर’: राहुल गांधी ने छात्रों के आंदोलन को दिया समर्थन

  • समय टुडे टीम

देहरादून। उत्तराखंड स्नातक स्तर की हालिया परीक्षा पेपर लीक मामले पर विपक्ष का हमला तेज हो गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कठघरे में खड़ा किया।

राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “आज भाजपा का दूसरा नाम है – पेपर चोर। देशभर में बार-बार होने वाले पेपर लीक ने करोड़ों मेहनती युवाओं की ज़िंदगी और सपनों को तबाह कर दिया है।”

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का यूकेएसएसएससी पेपर लीक इसका ताज़ा उदाहरण है। “लाखों युवाओं ने दिन-रात मेहनत की, लेकिन भाजपा ने चोरी से उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया,” राहुल ने लिखा।

कांग्रेस सांसद ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए मज़बूत और पारदर्शी सिस्टम की लगातार मांग की जा रही है, लेकिन मोदी सरकार आंख मूंदकर बैठी है। राहुल ने बेरोजगारी को देश की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए इसे वोट चोरी से जोड़ा। उन्होंने कहा, “पेपर चोरों को पता है – अगर युवाओं को रोज़गार नहीं भी मिलेगा, तो भी वे चुनाव में वोट चोरी कर सत्ता में बने रहेंगे।”

राहुल ने आगे कहा कि यह सिर्फ नौकरी की लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई है और वह हर छात्र व युवा के साथ खड़े हैं।

छात्र आंदोलन जारी

गौरतलब है कि 21 सितंबर को आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र की तीन पन्ने लीक हो गए थे। इस घटना के विरोध में बेरोजगार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र देहरादून के परेड ग्राउंड के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं और नारा दे रहे हैं – “पेपर चोर, गद्दी छोड़!”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments