भाजपा सरकार माफियाओं और भ्रष्टाचार की सरकार – अखिलेश यादव

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख का हमला, महंगाई, चुनाव आयोग और विकास कार्यों को लेकर उठाए सवाल
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार माफियाओं की सरकार बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार सबसे अराजक और भ्रष्ट सरकार है, जिसकी कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है।
शनिवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार टैक्स बढ़ाकर महंगाई को और बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आज ही एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ा दिए गए हैं और जब किसी वस्तु की कीमत बढ़ जाती है तो वह फिर कम नहीं होती।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा को बदनाम करने के उद्देश्य से एक गाना लॉन्च कराया गया है, जिसके खिलाफ पार्टी की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी का विजन विकास, नौकरी और रोजगार देना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण, मुख्यमंत्री कार्यालय लोकभवन का निर्माण, विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान और गोमती रिवरफ्रंट जैसे बड़े विकास कार्य किए गए। इसके अलावा 20 लाख छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए, 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाएं शुरू की गईं तथा 1090 वीमेन हेल्पलाइन की शुरुआत की गई।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में एटा, ललितपुर, कानपुर, झांसी और सोनभद्र में थर्मल पावर प्लांट लगाए गए और बिजली उत्पादन, वितरण तथा ट्रांसमिशन में बड़े काम हुए। वहीं भाजपा सरकार ने अपने नौ साल के कार्यकाल में एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगाया।
मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जापान गए लेकिन क्योटो नहीं देख पाए। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री ट्रेन की रफ्तार देखकर ताली बजाए, वह क्या विकास करेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के सहयोग से सरकार बनाकर सामाजिक न्याय की स्थापना करेगी।
चुनाव आयोग को लेकर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ने आवाज न उठाई होती तो भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की तैयारी कर चुकी थी। उन्होंने आयोग से सवाल किया कि इतनी बड़ी संख्या में प्रिंटेड फॉर्म-7 कहां से आए और इन मामलों की जांच क्यों नहीं की गई।
वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और प्रदेश के बजट की खुली लूट हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट का अधिकांश हिस्सा विकास कार्यों में खर्च होने के बजाय भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है।
इस अवसर पर विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, डॉ. राजपाल कश्यप, बी. पाण्डेय, राजन त्रिवेदी सहित पार्टी के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



