राहगीरों, मजदूरों और रिक्शा चालकों को वितरित किया शीतल शरबत, सेवा का दिया संदेश
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर के नेतृत्व में किदवई नगर थाना क्षेत्र के साकेत नगर में शरबत वितरण अभियान चलाया गया। इस दौरान राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को शीतल शरबत वितरित कर गर्मी से राहत प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान अजय कपूर ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में प्यासे और जरूरतमंद लोगों को पानी एवं शरबत उपलब्ध कराना मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए, जिससे जरूरतमंद वर्ग को राहत मिल सके और समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा मिले।
शरबत वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की। आयोजन के माध्यम से न केवल लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंजू शुक्ला, शगुन मिश्रा, मीरा दुबे, स्वास्तिका शुक्ला, विराट शुक्ला, सुनील सचान, शारिक, सक्षम बाजपेयी, राहुल, सचिन, ममता सिंह, पुष्पलता सहित अनेक सहयोगियों ने सक्रिय योगदान दिया।
स्थानीय नागरिकों ने इस सामाजिक पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भावना को भी मजबूत करते हैं।


