HomeNEWSभुवनेश्वर में 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में यूपी मेट्रो के स्टॉल...

भुवनेश्वर में 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में यूपी मेट्रो के स्टॉल का उद्घाटन, कानपुर मेट्रो के प्रयासों की सराहना

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन, कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) की उपलब्धियों और आधुनिक परिवहन सुविधाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस सम्मेलन में यूपीएमआरसी ने विशेष प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित किया है, जहां कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो से जुड़े मॉडल, नवाचार और यात्री सुविधाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने भुवनेश्वर में यूपीएमआरसी के प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सहित कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

स्टॉल के भ्रमण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने यूपीएमआरसी की टीम से संवाद किया और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में सुरक्षित, टिकाऊ तथा समावेशी मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित करने के प्रयासों की जानकारी ली। इस दौरान मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन को मजबूत बनाने और यात्रियों के लिए परिवहन सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने से जुड़े प्रयासों एवं भावी योजनाओं पर भी चर्चा हुई।

परिवहन के विभिन्न साधनों से बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर

कानपुर मेट्रो में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए विभिन्न परिवहन साधनों के बीच सुगम संपर्क स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से कानपुर सेंट्रल, झकरकटी, रावतपुर और कल्याणपुर जैसे प्रमुख रेलवे एवं बस परिवहन केंद्रों के निकट मेट्रो स्टेशनों का विकास किया गया है, ताकि यात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान परिवहन के विभिन्न साधनों के बीच आवागमन में सुविधा मिल सके।

सम्मेलन में यूपीएमआरसी की भागीदारी के माध्यम से मेट्रो रेल अवसंरचना, आधुनिक यात्री सुविधाओं और परिवहन के एकीकृत मॉडल को प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन के जरिए यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने और शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर करने के प्रयासों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में यूपीएमआरसी की यह सहभागिता उत्तर प्रदेश के मेट्रो नेटवर्क की उपलब्धियों, तकनीकी पहलों और भविष्य की परिवहन योजनाओं को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments