HomeNEWSमंदिर से चोरी हुए चार मुकुट बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार

मंदिर से चोरी हुए चार मुकुट बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार

24 घंटे के अंदर GRP कानपुर सेंट्रल ने किया चोरी का खुलासा, 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस; बरामद मुकुटों की कीमत दो लाख रुपये से अधिक

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन परिसर स्थित श्री झगड़ेश्वर हनुमान मंदिर से चार मुकुट चोरी होने की घटना का जीआरपी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए चार मुकुट बरामद किए हैं। बरामद मुकुटों की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा की मॉनिटरिंग और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे कानपुर शेषमणि उपाध्याय के दिशा-निर्देश पर मामले की जांच की गई। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके बाद 18 अक्टूबर 2026 को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्रयागराज साइड स्थित कूड़ाघर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा तिवारी (करीब 20 वर्ष), पुत्र संतोष तिवारी, निवासी गांव लवली टीका मऊ, थाना बिसंडा, जिला बांदा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 1-A पर स्थित श्री झगड़ेश्वर हनुमान मंदिर से चार मुकुट चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए मुकुट भगवान गणेश, मां दुर्गा, मां काली और हनुमान जी के थे। आरोपी के कब्जे से सफेद धातु के चारों मुकुट बरामद किए गए हैं। इस मामले में जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 353/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(D) और 317(2) में केस दर्ज है।

जीआरपी पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments