उतरौला में आयोजित भव्य मुशायरे में देशभर के नामचीन शायरों और कवियों ने बिखेरा कला का जादू, सुबह तक जमे रहे हजारों श्रोता
- प्रतीक कुमार
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर की उतरौला विधानसभा स्थित एम.वाई. उस्मानी इंटर कॉलेज परिसर में प्रख्यात शायर मुनव्वर राना की याद में अखिल भारतीय मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। साहित्य, शायरी और सांस्कृतिक सौहार्द से ओत-प्रोत इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुमैया राना द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम की सरपरस्ती पूर्व विधायक अनवर महमूद ने की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जूही सिंह, राम शिरोमणि वर्मा, डॉ. अनीस बेग, डॉ. एहसान, डॉ. अब्दुल मनन सहित समाजवादी पार्टी के जिला एवं विधानसभा स्तरीय पदाधिकारी तथा क्षेत्र की अनेक सम्मानित हस्तियां मौजूद रहीं।

मुशायरे और कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित शायरों एवं कवियों ने अपने उत्कृष्ट कलामों और रचनाओं से श्रोताओं का दिल जीत लिया। मंच पर शबीना अदीब, जोहर कानपुरी, सबा बलरामपुरी, हाशिम फिरोजाबादी, बिलाल सहारनपुरी, तबरेज राना, महेंद्र सिहोरी, प्रतिभा यादव, मुमताज नसीम, अरमान रजा बलरामपुरी, अफजल इलाहाबादी, शुजा उतरौलवी, फामू उतरौलवी, हैदर तथा खुर्शीद हैदर सहित अनेक नामचीन शायरों और कवियों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शानदार निजामत जनाब नदीम फारूख ने की। उनके प्रभावशाली संचालन और मंच संचालन की शैली ने पूरे आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। शायरों और कवियों के एक से बढ़कर एक कलामों ने ऐसा समां बांधा कि हजारों की संख्या में उपस्थित श्रोता देर रात से लेकर सुबह पांच बजे तक कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे।
अदब, तहजीब और साहित्यिक परंपरा को समर्पित इस आयोजन ने न केवल मरहूम मुनव्वर राना की यादों को ताजा किया, बल्कि नई पीढ़ी को साहित्य और शायरी से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया। उपस्थित लोगों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे क्षेत्र के सबसे यादगार साहित्यिक आयोजनों में से एक बताया।


