HomeNEWSमहिला सशक्तिकरण पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, बोले—महिला आरक्षण लागू करने...

महिला सशक्तिकरण पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, बोले—महिला आरक्षण लागू करने के लिए प्रतिबद्ध

वाराणसी में 80 हजार महिलाओं को संबोधित किया, 6300 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

  • रोशनी सिंह / अभिषेक कुमार

वाराणसी। नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने बरेका ग्राउंड में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। इस दौरान उनके साथ योगी आदित्यनाथ, आनंदीबेन पटेल और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश को विकसित बनाने में नारी शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भरोसा दिलाया कि इसे लागू करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने करीब 6300 करोड़ रुपये की 160 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने वाराणसी रेलवे स्टेशन से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे काशी, अयोध्या और अन्य शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज लगभग 3 करोड़ महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में घर महिलाओं के नाम पर दिए गए हैं, जिससे उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिली है।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने काशी में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए इसे विरासत और विकास का अनूठा संगम बताया।

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दूसरे दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments