- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज सुरक्षित नहीं हैं और महिला सुरक्षा पर भाजपा के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
अखिलेश यादव ने हाल ही की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मैनपुरी में 11वीं की छात्रा की गला घोटकर हत्या कर दी गई, जबकि अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में दलित छात्रा का शव खेत में मिला। संतकबीरनगर में कंप्यूटर सेंटर पर काम करने वाली महिला की हत्या कर लाश नहर में फेंक दी गई और लखनऊ के चिनहट में महिला से दुष्कर्म की वारदात सामने आई। उन्होंने कहा कि ये कुछ उदाहरण मात्र हैं, प्रदेश में हर दिन ऐसी कई घटनाएं घट रही हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण करने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा ने समाजवादी सरकार द्वारा शुरू की गई 1090 वूमेन पावर लाइन जैसी योजनाओं को कमजोर कर दिया, जबकि एंटी रोमियो स्क्वॉड सिर्फ कागजों तक सीमित है।
अखिलेश यादव ने कहा कि कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा समेत सभी मामलों में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल है। उन्होंने दावा किया कि बढ़ते अपराधों से जनता का भरोसा उठ चुका है और 2027 में लोग भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगे।


