
अपराध नियंत्रण से लेकर महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर हुई विस्तृत समीक्षा, गणेश चतुर्थी को लेकर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। 06 सितंबर 2026 को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा सहित समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस उपायुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गोष्ठी के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अवैध शस्त्र एवं मादक पदार्थों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम, जनशिकायतों एवं IGRS से संबंधित मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं एवं फेक न्यूज का तथ्यों के आधार पर तत्काल खंडन किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मामलों में विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मिशन शक्ति, निरोधात्मक कार्रवाई, ई-सम्मन, पुलिसिंग ऐप्स तथा साइबर अपराधों की रोकथाम की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभियानों एवं तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए अपराधों पर नियंत्रण और आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाए।
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम जनता की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


