दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज में आईपीएस अंजना दहिया ने साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय, पौधारोपण और स्वच्छता शपथ के जरिए दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। मिशन शक्ति के छठे चरण के अंतर्गत दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, कानपुर में साइबर सुरक्षा एवं महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईपीएस अंजना दहिया, एसीपी कर्नलगंज, पुलिस कमिश्नरेट कानपुर ने छात्राओं को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने छात्राओं को डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्वालटोली थाना प्रभारी रवि कुमार, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मनीषा चौधरी, सब-इंस्पेक्टर हिमांशु राज और उनकी टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन नंबरों और संबंधित सरकारी वेबसाइटों के बारे में विस्तार से बताते हुए जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘संकल्प ही सेवा अभियान’ के तहत छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही मुख्य अतिथि आईपीएस अंजना दहिया ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाने में अपनी भूमिका निभाने के महत्व पर जोर दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना निगम एवं निदेशक प्रो. अर्चना वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. संगीता सिरोही ने किया। साइबर सिक्योरिटी पाठ्यक्रम की प्रभारी डॉ. ज्योत्सना पांडे ने डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता अपनाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कांस्टेबल पारुल यादव, मंदाकिनी और राघवेंद्र के साथ महाविद्यालय की मिशन शक्ति समिति की सदस्य डॉ. अंजना श्रीवास्तव, डॉ. अर्चना दीक्षित, डॉ. सुषमा शर्मा और डॉ. संचिता लक्ष्मी का सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त कार्यालय अधीक्षक कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव, इलेक्ट्रिशियन रामचंद्र और नरेश कुशवाह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।


