
एनसीसी कैडेट्स ने संभाली यातायात संचालन की जिम्मेदारी, महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। मिशन शक्ति फेज-6 के प्रथम चरण के अंतर्गत 13 अक्टूबर 2026 को कानपुर में नारी सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति टीम ने कर्मयोगी इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स के साथ बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा बाईपास और सचान चौराहे तथा जूही थाना क्षेत्र के बारादेवी चौराहे पर अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स को यातायात संचालन की व्यावहारिक जानकारी दी गई और उनसे यातायात व्यवस्था संभालने में भी सहभागिता कराई गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, यातायात संकेतों और सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करना है। नवरात्रि के अवसर पर महिला यातायात पुलिसकर्मियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और महिला सशक्तीकरण का संदेश भी दिया जा रहा है।
अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सहायता और शिकायतों के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, अग्निशमन सेवा 101, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 नंबर के बारे में बताया गया।


मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को यूपी कॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से मिलने वाली जनसुविधाओं की जानकारी भी दी। इसके साथ ही व्हाट्सऐप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उपयोग तथा महिला सशक्तीकरण अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का आश्वासन भी दिया।
पुलिस उपायुक्त यातायात अभय नाथ त्रिपाठी के अनुसार, इस प्रकार की पहल यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा और नारी शक्ति के आत्मविश्वास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों के पालन के साथ महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।


