सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपदीय पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों तथा आपातकालीन सेवाओं के संबंध में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया धोखाधड़ी तथा साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। जनपदीय पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है ताकि महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मरक्षा, कानूनी सहायता तथा साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया।


