HomeNEWSमिशन शक्ति 5.0: “नई किरण” ने बिखरे परिवारों में फिर जगाई उम्मीद,...

मिशन शक्ति 5.0: “नई किरण” ने बिखरे परिवारों में फिर जगाई उम्मीद, 42 में से 4 जोड़े हुए एक

कानपुर देहात में पुलिस काउंसलिंग से टूटते रिश्तों में आई नई रौशनी

  • विवेक कुमार

कानपुर देहात। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत कानपुर देहात पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए बिखरे हुए परिवारों को फिर से जोड़ने का प्रयास किया है।

रविवार, 12 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में “प्रोजेक्ट नई किरण” के तहत परामर्श सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान आपसी मनमुटाव और पारिवारिक विवादों के चलते अलग रह रहे दंपतियों की काउंसलिंग की गई।

कार्यक्रम में कुल 42 वैवाहिक विवाद के मामले सामने आए, जिनमें महिला सहायता प्रकोष्ठ और “नई किरण” टीम ने पति-पत्नी एवं उनके परिजनों से बारी-बारी संवाद कर समझाइश दी। घंटों चली काउंसलिंग और प्रयासों के बाद 4 जोड़े अपने पुराने मतभेद भुलाकर फिर से साथ रहने को सहमत हुए।

पुलिस प्रशासन की इस पहल से टूटते रिश्तों को नया जीवन मिला, वहीं शेष प्रकरणों पर विचार-विमर्श जारी रखते हुए अगली तिथि निर्धारित की गई है। अधिकारियों के अनुसार “नई किरण” अभियान के माध्यम से लगातार ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे, जिससे परिवारों में सामंजस्य और विश्वास कायम किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments