HomeNEWSमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखगिरी पर्वत पर की पूजा-अर्चना, एडवेंचर टूरिज्म के...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखगिरी पर्वत पर की पूजा-अर्चना, एडवेंचर टूरिज्म के रूप में विकसित करने की घोषणा

महोबा प्रवास के दौरान पर्यटन विकास कार्यों का किया अवलोकन, युवाओं की रॉक पेंटिंग की सराहना

  • मोहित कुमार

महोबा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महोबा जनपद के दौरे के दौरान गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली गोरखगिरी पर्वत पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा यहां पर्यटन विकास के लिए कराए गए निर्माण कार्यों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने लगभग 2000 फीट ऊंची इस ऐतिहासिक पहाड़ी के शिखर पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर एवं शिवतांडव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने गोरखगिरी पर्वत की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित करते हुए इसके संरक्षण और विकास पर विशेष जोर दिया।

महोबा में दिसंबर एवं जनवरी माह के दौरान आयोजित गोरखगिरी पेंटिंग फेस्टिवल के तहत स्थानीय युवाओं द्वारा पहाड़ी पर बनाई गई रॉक पेंटिंग्स का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। उन्होंने युवाओं की सृजनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनसे संवाद किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नक्षत्र वाटिका में सोलर फिल्टर के माध्यम से सूर्य दर्शन किया तथा टेलिस्कोप से विभिन्न खगोलीय गतिविधियों का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखगिरी पर्वत धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है तथा इसे भविष्य में एडवेंचर टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments