HomeNEWSमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, किसानों के भुगतान और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

  • सुनील त्यागी

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद आगरा में विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च मानकों के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के सुनियोजित पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि आजीविका प्रभावित किए बिना शहर की यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाया जा सके।

बैठक में मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनता की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए फसलों के भुगतान समय पर सुनिश्चित करने, औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निवेश और उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के भी निर्देश दिए।

आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी विकास कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments