मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में सुनी जनसुनवाई की समस्याएं

- प्रियंका दुबे
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार जन-जन की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है और सभी नागरिकों को समय पर न्याय और सुविधाएं मिलनी चाहिए।
दीवाली से पहले पूरे प्रदेश में लगेगी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट प्रदर्शनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में दीवाली से पहले वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) एवं स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
इन प्रदर्शनीयों में न केवल उत्पादों की बिक्री होगी, बल्कि उनकी ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने यह योजना साझा की।

चैंबर के अध्यक्ष आरएन सिंह और पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल के नेतृत्व में आए उद्यमियों ने गोरखपुर में बड़ी प्रदर्शनी की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार हर जिले में दीवाली से पूर्व प्रदर्शनी आयोजित कर रही है। गोरखपुर में विशेष रूप से टेराकोटा और रेडीमेड गारमेंट की बिक्री पर जोर रहेगा।
गारमेंट सेक्टर को मिलेगा प्रोत्साहन
बैठक में गारमेंट पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री समेत गारमेंट सेक्टर के विकास पर भी चर्चा हुई। पूर्व अध्यक्ष विष्णु अजीत सरिया ने बताया कि यह क्षेत्र रोजगार का एक बड़ा स्रोत है।
गोरखपुर में उद्यमियों आकाश यादव और अशोक दास द्वारा स्थापित रेडीमेड गारमेंट यूनिट ने क्षेत्र को नई पहचान दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि गारमेंट सेक्टर को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार हर संभव मदद करेगी।
उद्यमियों ने साझा की सामाजिक जिम्मेदारियों की पहल
बैठक के दौरान उद्यमियों ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों की गतिविधियों की जानकारी भी दी।
एसडी इंटरनेशनल के एमडी विनय अग्रवाल ने जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क फूड वैन चलाने की योजना साझा की।
गीडा में फोम और मैट्रेस यूनिट संचालित करने वाले वीरसेन सिंह ने 1000 रजाई वितरित करने की जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास की राह पर
बैठक के अंत में मुरादाबाद के प्रमुख उद्योगपति सौरो जैन ने मुख्यमंत्री का शाल भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के चलते उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास की तेज राह पर है और आने वाले समय में स्थानीय उत्पाद वैश्विक पहचान हासिल करेंगे।



