
एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड समेत संभावित स्थलों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- क्रृष्ण कुमार
फतेहगढ़। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित फतेहगढ़ भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड तथा अन्य संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
एडीजी ने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही संभावित भीड़, आवागमन और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने तथा संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।


