फल वितरण, सोहर गायन, वृक्षारोपण और आतिशबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर द्वारा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर डफरिन अस्पताल में सांसद रमेश अवस्थी एवं जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए सेवा भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
जिला कार्यालय नवीन मार्केट में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोहर गाकर मुख्यमंत्री के जन्मदिवस का उत्सव मनाया। वहीं परेड चौराहे पर राहगीरों को गुलगुले वितरित कर उनका मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिक्षक पार्क एवं नवीन मार्केट क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही आतिशबाजी कर मुख्यमंत्री के जन्मदिवस की खुशियां मनाई गईं।

जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्र निर्माण, सेवा और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित है। उनके नेतृत्व में प्रदेश ने विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, महामंत्री अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, शिवांग मिश्रा, जन्मेजय सिंह, नवाब सिंह, सीमा एमबीए, पारस मदान, किरन तिवारी, प्रशांत त्रिपाठी, विनोद पाल, मोनेन्द्र राजपूत, वास्ते त्रिपाठी, रीता पासवान, प्रभाकर अवस्थी, शालिनी कटियार, रंजीता पाठक, सरोज सिंह, राधा सैनी, पूनम कंवर, अंजू श्रीवास्तव, पूजा तिवारी, आशीष बाजपेई, अनीता सोनी, अभिमन्यु सक्सेना, हर्षित श्रीवास्तव ‘लाला’, सचिवेंद्र सिंह सेंगर, कौशलेन्द्र सिंह परिहार, अनुराग त्रिपाठी, सुरेश गुप्ता, मंजू त्रिपाठी, नर्मदा पांडे, जिशान अहमद, श्याम कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


