
नमामि गंगे गंगा विचार मंच ने स्वच्छ एवं निर्मल गंगा का दिलाया संकल्प
- आशा चौधरी
गाज़ियाबाद। जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नमामि गंगे गंगा विचार मंच द्वारा पावन घाट (छोटा हरिद्वार), मुरादनगर में भव्य एवं अलौकिक गंगा आरती का आयोजन किया गया। दीपों की मनमोहक रोशनी और श्रद्धा के वातावरण के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती में सहभागिता कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उनकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन में नमामि गंगे टीम के सदस्यों ने गंगा संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से नदी को प्रदूषण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की।
गंगा आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने “हर-हर गंगे, नमामि गंगे” के जयघोष के साथ मां गंगा की आराधना की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।


