पीस कमेटी बैठक में ताजियों की ऊंचाई, सुरक्षा व्यवस्था और अफवाहों पर नियंत्रण को लेकर बनी रणनीति
- नरेश राठौर
झांसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले ताजियों और जुलूसों के मार्गों का समय रहते निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग पूरी तरह गड्ढा मुक्त होने चाहिए ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और सुरक्षा के सभी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थलों पर एम्बुलेंस तथा चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं, ताजिया समितियों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से प्रशासन ने सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाया जाए तथा सभी लोग प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।


