सपा प्रमुख ने सरकार से पीड़ित परिवार की मांगें पूरी करने की अपील की, पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
सुनील त्यागी
मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार की सभी मांगें पूरी करने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि मृतक छात्रा को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि आंदोलन कर रहे लोगों पर गंभीर धाराएं लगाई गईं, जो न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।

सपा प्रमुख ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों से निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने हाल के घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर चिंता व्यक्त की।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


