HomeNEWSमोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित...

मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित : रमेश अवस्थी

मीडिया संवाद कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और कानपुर की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर कार्यालय, नवीन मार्केट में मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानपुर में संचालित विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, महानगर उत्तर अध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण अध्यक्ष शिवराम सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, सुरेश अवस्थी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, अभियान संयोजक नवाब सिंह, रणविजय सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की दशा और दिशा दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जनकल्याण, आधारभूत संरचना तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास और सरकार का सेवा भाव रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), महिला सशक्तिकरण और डिजिटल गवर्नेंस जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उनके अनुसार करोड़ों किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों को केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला है तथा पारदर्शी व्यवस्था के कारण बड़ी मात्रा में सरकारी धन की बचत भी हुई है।

सांसद ने बताया कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच देश में सड़क, रेलवे, हवाई अड्डों और सिंचाई परियोजनाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बढ़ने से आर्थिक गतिविधियों और जनसुविधाओं को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और वैश्विक मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए भी ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं।

कानपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए रमेश अवस्थी ने कहा कि शहर की यातायात समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीन पार्क स्टेडियम के आधुनिकीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा अनवरगंज से मंधना तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक तथा रामादेवी से गोल चौराहा तक एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास भी जल्द होने की संभावना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद कानपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments