
युवा प्रतिभाओं के सामाजिक योगदान को मिला सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और साइबर जागरूकता में कर रहे उल्लेखनीय कार्य
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। समाज में सकारात्मक बदलाव और युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उदय वेलफेयर सोसाइटी द्वारा 13 अगस्त को गोल्ड स्टोन होटल में ‘यंग अचीवर्स–सोशल वॉरियर्स सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्नल जायेद सिद्दीकी ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन में सही दिशा चुनने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर आगे बढ़ने के कई महत्वपूर्ण गुरुमंत्र दिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत है तथा सही दिशा में किया गया प्रयास बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकता है।

उदय वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष पूजा श्रीवास्तव ने युवाओं को सामाजिक मानदंडों, सामाजिक जिम्मेदारियों और समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाजसेवा केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, साइबर जागरूकता और जरूरतमंदों के सहयोग जैसे अनेक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाकर सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम की प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर नूपुर चौहान ने ‘सोशल वॉरियर्स’ सम्मान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पहल का मकसद उन युवाओं को पहचान और प्रोत्साहन देना है, जो अपने-अपने क्षेत्र में समाज के लिए सकारात्मक कार्य कर रहे हैं। को-ऑर्डिनेटर रुचि मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
समारोह में आशुतोष संकवार, प्रज्ञा वखले, वरुण सिंह, तुषार श्रीवास्तव, प्रथम सूर्यवंशी, शैलजा रावत और पायल वर्मा को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इन युवा ‘सोशल वॉरियर्स’ के कार्यक्षेत्रों की विविधता कार्यक्रम की खासियत रही। कोई साइबर क्राइम और साइबर जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रहा है, तो कोई महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैला रहा है। कुछ युवा गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा देने में जुटे हैं, वहीं कुछ NSS के माध्यम से सामाजिक सेवा कर रहे हैं।
विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए कार्य करने वाले, पर्यावरण संरक्षण को लेकर सक्रिय युवा तथा NCC के माध्यम से समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
उदय वेलफेयर सोसाइटी का यह आयोजन युवाओं को केवल सम्मान देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें यह संदेश भी दिया गया कि हर युवा अपने छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। कार्यक्रम में युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।


