HomeNEWSयूपीकैटेट-2026: परास्नातक प्रवेश परीक्षा में 70 और एबीएम में 21 अभ्यर्थी रहे...

यूपीकैटेट-2026: परास्नातक प्रवेश परीक्षा में 70 और एबीएम में 21 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

कानपुर के तीन केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा, 30 जून को घोषित होगा परिणाम

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपीकैटेट-2026) के तहत गुरुवार को परास्नातक (पीजी), पीएचडी एवं एबीएम पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कानपुर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्नातकोत्तर एवं पीएचडी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 785 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 715 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 70 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

वहीं द्वितीय पाली में आयोजित एबीएम प्रवेश परीक्षा के लिए 132 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 111 ने परीक्षा दी, जबकि 21 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। कुलसचिव रेनू सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कानपुर में जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, पनकी रोड कल्याणपुर तथा सरदार पटेल पब्लिक स्कूल, जूही बर्रा सहित तीन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व पहचान पत्रों की जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं आवश्यक दस्तावेजों के मिलान की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई, जबकि नकल रोकने के लिए उड़न दस्ते भी सक्रिय रहे।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। उन्होंने बताया कि यूपीकैटेट के माध्यम से प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर स्तर के कृषि, उद्यान, वानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, पशु चिकित्सा तथा अन्य कृषि संबंधी पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश परीक्षा का परिणाम 30 जून को घोषित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके आधार पर विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध महाविद्यालयों में अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments