
नोएडा से कुशीनगर तक अभियान, 23 राज्यों में रक्तदान कर युवाओं को कर रहे प्रेरित
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। रक्तदान जागरूकता और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नोएडा से कुशीनगर तक साइकिल यात्रा पर निकले युवा समाजसेवी अतुल सिंह का फतेहपुर पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा प्रणव फाउंडेशन, नोएडा के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
अतुल सिंह अपनी यात्रा के दौरान नोएडा, दिल्ली, मेरठ, लखनऊ, कानपुर होते हुए फतेहपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब तक वह देश के 23 राज्यों में रक्तदान कर चुके हैं और शेष राज्यों में भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, कॉर्पोरेट सेक्टर के बढ़ते दबाव और पढ़ाई के तनाव के कारण बड़ी संख्या में लोग मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर वह साइकिल यात्रा के माध्यम से लोगों से संवाद कर रहे हैं।
फतेहपुर आगमन पर जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का कार्य करने वाली संस्था फाइट फॉर हंगर तथा जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने वाली संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर संजय श्रीवास्तव, फाइट फॉर हंगर संस्था से देव गुप्ता, पियूष गुप्ता, सैंडी गुप्ता एवं सोनाक्षी, सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से गुरमीत सिंह, हिमांशु श्रीवास्तव, ऋषि सागर, आयुष मौर्य, हंसिका एवं उमैर अजमल, जबकि मानस रक्तकेंद्र से अमन यादव, अनामिका, अंजली, विष्णु एवं अनुस उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अतुल सिंह के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरण समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रयास युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और मानव सेवा के प्रति प्रेरित करने का कार्य करते हैं।


