HomeNEWSराजस्व वसूली में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, बड़े बकायेदारों पर होगी...

राजस्व वसूली में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई

मासिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण और एंटी भू-माफिया अभियान में तेजी लाने पर दिया जोर

  • आशीष तिवारी

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने, लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा जन शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और विभागीय राजस्व लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए।

कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने स्टाम्प, आबकारी, वाणिज्यकर, परिवहन, विद्युत, वन, खनिज तथा बाट-माप विभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित वार्षिक लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान डीएम ने लंबित राजस्व वादों, स्टाम्प वादों, ऑडिट आपत्तियों तथा बेदखली संबंधी मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने एंटी भू-माफिया अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से जारी रखी जाए।

बैठक में आईजीआरएस, तहसील दिवस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर फीडबैक भी प्राप्त किया जाए, जिससे समाधान की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुना जाए तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी गई।

बैठक के दौरान आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments