राम नवमी पर ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने सड़कों पर उतरे अधिकारी, प्रमुख चौराहों का निरीक्षण

डीसीपी यातायात रवीन्द्र कुमार ने चुन्नीगंज से ग्रीन पार्क तक लिया जायजा, कर्मियों को दिए सख्त निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। चैत्र राम नवमी के पावन अवसर पर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए डीसीपी यातायात रवीन्द्र कुमार द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान चुन्नीगंज, परेड चौराहा, बड़ा चौराहा एवं ग्रीन पार्क चौराहा का स्थलीय जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था की मौजूदा स्थिति का आकलन करते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी यातायात ने निर्देशित किया कि सभी कर्मी ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनें और रेड-ग्रीन बेटन टॉर्च का उपयोग करें, जिससे विशेषकर रात्रि एवं भीड़भाड़ के समय यातायात नियंत्रण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सके।



