HomeNEWSराम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में कांग्रेस का प्रदर्शन, एफआईआर दर्ज करने की...

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में कांग्रेस का प्रदर्शन, एफआईआर दर्ज करने की मांग

गुल्लक लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, बोले— यह केवल धन नहीं, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रश्न

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कथित रामधन एवं चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर कानपुर महानगर कांग्रेस ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर राज्य सरकार से एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मिट्टी की गुल्लक लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और इस प्रकरण को करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा मामला बताया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गुल्लक भेंट करते हुए कहा कि मंदिर की गुल्लक से जुड़े कथित प्रकरण ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “गुल्लक चोरों पर एफआईआर करो”, “आस्था पर आघात बंद करो” तथा “रामधन की चोरी बंद करो” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि चढ़ावे से संबंधित किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार और संबंधित ट्रस्ट को स्पष्ट करना चाहिए कि मामले में चोरी हुई है अथवा नहीं। यदि कोई अनियमितता हुई है तो एफआईआर दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए और यदि ऐसा नहीं है तो चल रही जांच के तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित धन से संबंधित किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, भ्रष्टाचार या अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी जनहित और श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन चलाने को बाध्य होगी।

प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में हरप्रकाश अग्निहोत्री, पदम मोहन मिश्रा, राम स्वरूप तिवारी, मनोज दुबे, मुकेश वाल्मीकि, सुरेंद्र भदौरिया, अजय सिंह, रमणीक चतुर्वेदी, नीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments