साहित्य, संस्कृति और राष्ट्र चेतना के मूल्यों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
- नरेश राठौर
झांसी। राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की जयंती के अवसर पर बुंदेलखंड क्षेत्रीय गहोई सभा, वरिष्ठ संघ, महिला मंडल एवं नव युवक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड क्षेत्रीय गहोई वैश्य समाज की क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनी गुप्ता ने सहभागिता की।
इस अवसर पर रजनी गुप्ता ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी ओजस्वी और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं ने भारतीय संस्कृति, समाज और राष्ट्रीय चेतना को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि का साहित्य आज भी समाज को राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और समाज के प्रति समर्पित अनेक सम्मानित जनों से आत्मीय भेंट का अवसर प्राप्त हुआ, जो अत्यंत प्रेरणादायक रहा। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज में राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
रजनी गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने के लिए बुंदेलखंड क्षेत्रीय गहोई सभा, वरिष्ठ संघ, महिला मंडल एवं नव युवक मंडल के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और संस्कृति के संरक्षण के लिए सभी को मिलकर निरंतर कार्य करना चाहिए।


