
हॉकी मैदान, बैडमिंटन कोर्ट और शूटिंग रेंज का लोकार्पण, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
- राकेश कुमार
बांदा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल स्पोर्ट्स स्टेडियम में बांदा मिनी ओलंपिक का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर खेल भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर हॉकी मैदान, बैडमिंटन कोर्ट एवं शूटिंग रेंज का लोकार्पण किया गया। नई खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इन संसाधनों से जिले की खेल प्रतिभाओं को अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, ईमानदारी और खेल की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।
बांदा मिनी ओलंपिक में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल अधिकारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन के माध्यम से जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम बांदा में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देने और युवा खिलाड़ियों को नई उड़ान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।


