NEWS

राहुल गांधी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री का तीखा हमला, अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार का बचाव

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। कानपुर आगमन के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के लिए बोझ बनते जा रहे हैं और लोकतंत्र की मर्यादा के लिए चुनौती पैदा कर रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि संसदीय परंपराओं का पालन करने के बजाय राहुल गांधी संसद में व्यवधान उत्पन्न करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में 99 सीटें मिलने के बाद कांग्रेस नेता को यह गलतफहमी हो गई है कि वे देश में कुछ भी कह सकते हैं। उनके अनुसार, राहुल गांधी की बयानबाजी से देश की छवि को नुकसान पहुंच रहा है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।

अमेरिका के साथ हुए हालिया ट्रेड एग्रीमेंट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के हित में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने मजबूत और संतुलित समझौता किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस डील को गलत तरीके से पेश कर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि यह भारत की आर्थिक मजबूती का संकेत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश मजबूत नेतृत्व के कारण वैश्विक मंच पर सम्मान के साथ खड़ा है। उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से सीख लेनी चाहिए कि विपक्ष में रहते हुए भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि कैसे रखा जाता है और संसद की गरिमा कैसे बनाए रखी जाती है।

बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी संभावित हार का आभास हो गया है, इसलिए वे चुनाव आयोग जैसे मुद्दों को उठाकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “बंगाल में परिवर्तन तय है। वहां भाजपा आने वाली है और तृणमूल कांग्रेस जाने वाली है।”

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि देश विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कानपुर आगमन पर चकेरी एयरपोर्ट पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह और शुभम अवस्थी सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button