- निखिल चंद्र गुप्ता
फतेहपुर। 12वीं वाहिनी पीएसी, फतेहपुर में नागरिक पुलिस के रिक्रूट आरक्षियों की बाह्य (आउटडोर) परीक्षा का आयोजन गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह परीक्षा 26 मार्च से 10 अप्रैल 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही है।

सेनानायक मनोज कुमार अवस्थी (IPS) के निर्देशन में परीक्षा का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान नामित राजपत्रित अधिकारियों—क्षेत्राधिकारी जाफरगंज बृजमोहन राय एवं क्षेत्राधिकारी प्रगति यादव की उपस्थिति में परीक्षा को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया।
आज आयोजित आउटडोर परीक्षा में रिक्रूट आरक्षियों की शारीरिक दक्षता का आकलन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से किया गया। इनमें स्क्वाड ड्रिल, यातायात नियंत्रण, एक्सटेंडेड ऑर्डर ड्रिल, केन ड्रिल तथा पुलिस ड्रिल मैनुअल से संबंधित प्रश्नोत्तरी शामिल रही।

परीक्षा के दौरान प्रशिक्षुओं ने उत्साह, ऊर्जा और समर्पण के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशीलता और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर आरटीसी प्रभारी रविंद्र प्रसाद सिंह सहित अन्य प्रशिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

