तिलक हॉल में कैंडल जलाकर दिवंगत छात्रों को किया याद, सुरक्षा मानकों के पालन पर दिया जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। लखनऊ स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना में छात्रों की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कानपुर महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में तिलक हॉल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि कानपुर महानगर में भी बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं, इसलिए प्रशासन को उनके सुरक्षा मानकों की जांच करानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी संस्थानों में अग्निशमन एवं अन्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हों।
पवन गुप्ता ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


