लापता बेटे के गम में दादी की मौत, पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

कानपुर देहात के जगदीशपुर में पीसीसी सदस्य महावीर यादव के घर पहुंचे कांग्रेस नेता, जताई संवेदना
- विवेक कुमार
कानपुर देहात। डेरापुर क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी कांग्रेस के पीसीसी सदस्य महावीर यादव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि 12 फरवरी को स्कूल के लिए निकला उनका 14 वर्षीय बेटा मयंक यादव संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
परिवार इस गहरे सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि मयंक की 95 वर्षीय दादी लीलावती अपने नाती की राह देखते-देखते दुनिया से विदा हो गईं। नाती के वियोग का दुख वह सहन नहीं कर सकीं और उनका निधन हो गया।
इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में कांग्रेस परिवार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।



