निजी डेटा जुटाने और प्रदेश को ‘सर्विलांस स्टेट’ बनाने के विरोध में मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कानपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में वामपंथी दलों एवं जन संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का निजी डेटा पुलिस द्वारा जुटाए जाने तथा प्रदेश को ‘सर्विलांस स्टेट’ यानी निगरानी राज्य बनाए जाने के विरोध में संयुक्त वामपंथी दलों के बैनर तले जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कथित कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि वामपंथी दलों एवं जन संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का निजी डेटा एवं व्यक्तिगत विवरण जुटाने की पुलिस प्रशासन की कथित अलोकतांत्रिक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की कार्रवाई भी बंद करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों की गतिविधियों पर इस तरह की निगरानी की कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से नागरिकों की निजता एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


