
पुलिस लाइन झांसी में आयोजित कार्यक्रम में 26 महिलाओं को ब्यूटीशियन और 9 अभ्यर्थियों को डिजिटल मित्र प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र मिला, आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
- अमित कुमार
झांसी। वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पुलिस परिवारों के सदस्यों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस लाइन झांसी में कौशल विकास प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा श्रीमती आस्था बडालिया ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के सहयोग से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर ब्यूटीशियन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली 26 अभ्यर्थियों और डिजिटल मित्र प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 9 अभ्यर्थियों सहित कुल 35 अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से अभ्यर्थियों के हुनर को निखारना, उन्हें रोजगारपरक कौशल से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। ब्यूटीशियन एवं डिजिटल मित्र जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अभ्यर्थियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
इस पहल से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को अपने कौशल का उपयोग कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर, झांसी सिमरन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


