विद्यालय में स्कूल चलो अभियान तथा वार्षिकोत्सव उड़ान का धूमधाम से हुआ आयोजन

बच्चों ने शिक्षा के पंखों से उड़ान भरने का संकल्प लिया
- गौरव मिश्रा
उन्नाव l नवीन शैक्षणिक सत्र के स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ 1 अप्रैल से हो चुका है।ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण के उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरी पीपरखेड़ा, कंपोजिट में शिक्षकों,अभिभावकों द्वारा स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली गई तथा विद्यालय के बच्चों की वर्ष भर की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए उड़ान वार्षिकोत्सव का आयोजन गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनूप कुमार मिश्रा (सब इंस्पेक्टर एवं पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी ) ,ग्राम प्रधान अनिल कुमार तथा एस एम सी अध्यक्ष विनोद कुमार ने सरस्वती प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया।कक्षा 7 की रितिका ने अतिथियों के सम्मुख सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।विद्यालय की बच्चियों सरोजिनी,राधिका ने सभी अतिथियों तथा कक्षा 8 के बच्चों का रोली टीका लगाकर कार्यक्रम में स्वागत किया। विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा टन टन टन घंटी बजी,स्कूल तुमको पुकारे पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों की शाबाशी बटोरी गई।कक्षा 4 के छात्र गगन ने सभी के सम्मुख संस्कृत में गणेश वंदना प्रस्तुत की। नन्हीं सरोजिनी ने दोहे का वाचन किया।कक्षा 8 की पुष्पा ने विद्यालय की विशेषताओं के बारे में सभी अभिभावकों को अंग्रेजी में बताया।
विद्यालय की शिक्षिका डॉ रचना सिंह ने सभी अतिथियों को बताया कि कक्षा 8 की छात्राएं पुष्पा,पायल और अंशिका राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रतियोगिता की विजेता हैं तथा पुष्पा ने इस वर्ष राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण की है अब उसको एक हजार रुपए प्रतिमाह चार वर्ष तक प्राप्त होगा।इस पर सभी अभिभावकों ने प्रशंसा व्यक्त की।कक्षा 1 से 8 तक प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को कैप्स तथा अतिथियों द्वारा मेडल पहनाए गए। रिपोर्ट कार्ड पाकर सभी बच्चे व उनके अभिभावक बहुत प्रसन्न दिखे।कक्षा 3 के बच्चों ने “मत काटो मुझे” पर प्रस्तुति देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कक्षा 8 के बच्चों ने कभी अलविदा न कहना पर प्रस्तुति देकर सबको रुला दिया।ऑलराउंडर का पुरस्कार पायल को,डायमंड ऑफ स्कूल का पुरस्कार पुष्पा को,बेस्ट परफॉर्मर का पुरस्कार सविता को, मोस्ट डिस्प्लीन्ड का पुरस्कार अंशराम को प्रदान किया गया तथा सुपर मॉम का अवॉर्ड गुड़िया,राधा,रेखा और सुशीला को मिला।रोज नियमित रूप से समय से बच्चों को विद्यालय छोड़ने के लिए लालता को बेस्ट दादा जी का अवॉर्ड मिला। मुख्य अतिथि अनूप मिश्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की तथा सफल बच्चों को स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय की बाल संसद को सराहा और उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय को निरंतर सहयोग की बात की। ग्राम प्रधान तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने विद्यालय स्टाफ की प्रशंसा की।इस अवसर पर इंचार्ज शिक्षिका किरन अग्निहोत्री,सहायक शिक्षिका रेखा सिंह,शोभना मिश्रा, अंकिता अवस्थी,अगम सिंह भदौरिया, अनीता निषाद, कहकशां खातून,रवि द्विवेदी उपस्थित रहे।



