
जयपुर में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में संगठन विस्तार की रणनीति तैयार, युवा, महिला और वरिष्ठ अधिवेशन समेत कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
- श्वेता मिश्रा
बीकानेर। विप्र सेना राजस्थान की प्रदेश कोर कमेटी एवं संभाग स्तरीय प्रमुख पदाधिकारियों की संगठनात्मक बैठक जयपुर में आयोजित हुई। बैठक के बाद बीकानेर में मीडिया से बातचीत करते हुए विप्र सेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि संगठन की स्थापना के सात वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस चिंतन-सत्र में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
डॉ. मेघना शर्मा ने कहा कि आगामी योजना के तहत विप्र सेना गूगल फॉर्म और संगठन के मोबाइल ऐप के माध्यम से देशव्यापी डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू करेगी, जिससे संगठन की विचारधारा को अधिक व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि संगठन का वार्षिक कैलेंडर प्रकाशित करने का निर्णय भी एक सराहनीय पहल है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में प्रदेश युवा अधिवेशन, महिला अधिवेशन, प्रदेश वरिष्ठ चिंतन अधिवेशन, ब्रह्म चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ का प्रदेश अधिवेशन तथा संभाग स्तरीय विप्र जागृति रथ यात्रा सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष दिनेश दादिया ने संगठन के पुनर्गठन, संविधान निर्माण, प्रशिक्षण व्यवस्था और सेवा आधारित कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सर्वेश शरण जोशी ने विप्र हेल्थ केयर फेडरेशन ऑफ इंडिया के विस्तार तथा चिकित्सा सेवा से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी साझा की।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए विप्र सेना के राष्ट्रीय प्रमुख सुनील तिवाड़ी ने सेवा, संस्कार, संगठन और सामाजिक नेतृत्व को संगठन की भावी दिशा बताया। उन्होंने कहा कि समाजहित में सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
महिला प्रकोष्ठ के विशेष सत्र में डॉ. मेघना शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष पूनम आचार्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु शर्मा, प्रियंका शर्मा, पुष्पा वशिष्ठ तथा ज्योति आशीर्वाद सहित अन्य वक्ताओं ने समाज निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में बीकानेर इकाई की ओर से इंद्र कुमार शर्मा, पवन सारस्वत एवं धर्मेंद्र सारस्वत भी उपस्थित रहे।


