एचपी चिल्ड्रेन स्कूल में स्वास्थ्य शिविर, 90 बच्चों ने लिया हिस्सा
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। विश्व ओआरएस सप्ताह के समापन अवसर पर भारतीय बालरोग अकादमी, कानपुर द्वारा एचपी चिल्ड्रेन स्कूल, गुजैनी में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के लगभग 90 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुबोध बाजपेई ने किया। उन्होंने बच्चों को डायरिया के कारण, उससे बचाव के उपाय तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ओआरएस घोल बनाने की सही विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि दस्त होने पर समय पर ओआरएस का सेवन शरीर में पानी और लवण की कमी को पूरा कर गंभीर स्थिति से बचाता है।

उन्होंने बच्चों को साफ पानी पीने, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचने तथा स्वच्छता अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य ने भारतीय बालरोग अकादमी द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे और बच्चों ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।


