विश्व टीबी दिवस पर ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ को मिली नई गति, निक्षय मित्रों का सम्मान

- आशा चौधरी
गौतमबुद्ध नगर। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम के तहत एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने निक्षय मित्रों को सम्मानित करते हुए उपस्थित जनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “टीबी मुक्त भारत” का सपना सरकार हर हाल में साकार करेगी और उत्तर प्रदेश इस दिशा में केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में टीबी उन्मूलन के लिए 100 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत व्यापक स्तर पर मरीजों की जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेने की पहल भी शुरू की गई है, जो देश में एक अनूठा प्रयास है। पहले मरीजों को 500 रुपये प्रतिमाह सहायता मिलती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1000 रुपये कर दिया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में 2.54 लाख टीबी मरीज थे, जिनमें से 59 प्रतिशत मरीज ठीक हो पाते थे। वहीं 2025 तक यह प्रतिशत बढ़कर 92 फीसदी हो गया है और अब तक 7.09 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों एवं गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भी भागीदारी की।



