HomeNEWSविश्व स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर श्री रामलला आरोग्यधाम हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर...

विश्व स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर श्री रामलला आरोग्यधाम हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर आयोजित

इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में 14 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान, नवयुवकों से आगे आने का किया आह्वान

  • सौम्या पण्डेय

कानपुर नगर। विश्व स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं श्री रामलला आरोग्यधाम हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रांत संघ संचालक भवानी भीख सिंह एवं अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

अपने संबोधन में प्रांत संघ संचालक भवानी भीख सिंह ने कहा कि रक्तदान करने वाला व्यक्ति सबसे बड़ा दानी होता है, क्योंकि उसके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान करता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है तथा नवयुवकों को बढ़-चढ़कर रक्तदान अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि तीन माह के भीतर शरीर में पुनः रक्त का निर्माण हो जाता है और स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर सकता है।

अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल ने कहा कि रक्तदान केवल समाज सेवा ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का भी माध्यम है। रक्तदान के दौरान कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें जैसे हेपेटाइटिस, एड्स तथा अन्य रक्त संबंधी परीक्षण निःशुल्क किए जाते हैं, जिससे व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की जानकारी भी मिलती है। उन्होंने बताया कि निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति भी रक्तदान कर सकते हैं।

रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। शिविर में अब तक 14 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जीवन रक्षक अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में भवानी भीख सिंह, डॉ. उमेश पालीवाल, डॉ. पूजा अवस्थी, डॉ. अंगद सिंह, शेष नारायण त्रिवेदी (पप्पू भाई), नीतू सिंह, सीमा अग्रवाल, ए.एन. द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने नियमित रक्तदान को समाज के प्रति सबसे बड़ी सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments