
सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 23 अक्टूबर 2026 को पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा, पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी, अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह, एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह तथा नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यातायात को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने और कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी से बचाने पर जोर दिया।
इसके साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने तथा यातायात संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आने देने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों का आकलन करना तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करना रहा।


