HomeNEWSवृक्षारोपण कर बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वृक्षारोपण कर बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान के अभियान में राज मेमोरियल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान (रजिस्टर्ड), कानपुर नगर के तत्वावधान में राज मेमोरियल पब्लिक स्कूल, निराला नगर के छात्र-छात्राओं के साथ राधा कृष्ण पार्क (दीप सिनेमा के सामने) में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा, “वृक्ष धरा के आभूषण हैं, करते दूर प्रदूषण हैं।” बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे और उनकी नियमित देखभाल भी करेंगे।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिवाकर प्रजापति ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यदि बचपन से उनमें पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित किए जाएं, तो वे भविष्य में पृथ्वी को सुरक्षित, स्वच्छ और हरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बच्चों से अपने परिवार और समाज को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

संस्था की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आरती द्विवेदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रदेश उपाध्यक्ष पियूष मिश्रा ने बच्चों को वृक्षों के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि पेड़ हमें शुद्ध वायु, छाया, वर्षा और जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

संस्था की कोषाध्यक्ष संध्या चक्रवर्ती ने बच्चों के साथ पौधारोपण करते हुए उन्हें प्रकृति के प्रति प्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने बच्चों को जन्मदिन, त्योहार और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राज मेमोरियल पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “एक वृक्ष, एक जीवन” के संदेश के साथ हुआ। संस्था ने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments