प्रयागराज के ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रयागराज में आयोजित ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। ‘शिक्षा-परीक्षा : क्यों ध्वस्त हुई व्यवस्था’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी देश की बुनियाद होती है और जब शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली कमजोर होती है तो युवाओं का भविष्य संकट में पड़ जाता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षकों पर बढ़ते अतिरिक्त कार्यभार के कारण युवाओं में मानसिक तनाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कई युवाओं ने निराशा और तनाव के कारण आत्महत्या तक कर ली, जिससे अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि देश की युवा आबादी कभी भारत की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती थी, लेकिन यदि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार नहीं मिलेगा तो यही जनसंख्या एक बड़ी चुनौती बन सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने केजी से पीजी तक की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर दिया है और हजारों सरकारी विद्यालयों को बंद किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी स्कूलों के विलय और बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं, शौचालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान और शिक्षकों की कमी है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों में रिक्त पदों, गेस्ट फैकल्टी व्यवस्था और नियुक्तियों में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने छात्रवृत्ति में देरी, बढ़ती शिक्षा लागत और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और लगातार पेपर लीक की घटनाओं से मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नौकरी और रोजगार के मुद्दों पर गंभीर नहीं है तथा संविदा व्यवस्था के माध्यम से स्थायी नौकरियों को कम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं, जिससे ग्रामीण और गरीब वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और सभी वर्गों को बेहतर शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं मजबूत बनाकर ही युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा, “शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा अच्छी होगी तो तरक्की पक्की होगी।”


