HomeNEWSश्रावण मास की तैयारियों का जायजा लेने आनन्देश्वर मंदिर पहुंचे अधिकारी

श्रावण मास की तैयारियों का जायजा लेने आनन्देश्वर मंदिर पहुंचे अधिकारी

डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह व पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का किया निरीक्षण

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। आगामी श्रावण मास को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) डॉ. अर्चना सिंह ने थाना ग्वालटोली क्षेत्र स्थित श्री आनन्देश्वर मंदिर, परमट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने मंदिर के संचालकों एवं मुख्य पुजारी से वार्ता कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराने, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरे मेले के दौरान कानून-व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments