
आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली, तकनीक और रिस्पॉन्स सिस्टम को समझा; “निडर होकर 112 डायल करें” का दिया गया संदेश
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। ‘श्रीराम ग्लोबल स्कूल’, लखनऊ के छात्र-छात्राओं द्वारा आज यूपी-112 मुख्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आपातकालीन पुलिस सेवा यूपी-112 की कार्यप्रणाली, संचालन प्रणाली एवं त्वरित रिस्पॉन्स मैकेनिज्म को विस्तार से समझा।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को लघु फिल्मों एवं प्रभावशाली प्रजेंटेशन के माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार यूपी-112 किसी भी आपात स्थिति में आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराती है। साथ ही उन्हें कॉल रिस्पॉन्स सिस्टम, लोकेशन ट्रैकिंग, फील्ड रिस्पॉन्स यूनिट और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई।

अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, दुर्घटना या संकट की परिस्थिति में बिना डर के 112 नंबर डायल करना चाहिए। साथ ही यह भी प्रेरित किया गया कि जरूरत पड़ने पर दूसरों की सहायता के लिए भी सदैव आगे रहें, क्योंकि समय पर की गई सहायता कई जिंदगियां बचा सकती है।
छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ इस शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया और यूपी-112 की आधुनिक तकनीकी व्यवस्था एवं सेवा भावना को करीब से जाना। इस अवसर पर बच्चों ने कई प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा भी व्यक्त की, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देना तथा उन्हें जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।


