मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों एवं सहप्रभारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर मंथन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के दिए निर्देश
- नरेश राठौर
झांसी। भारतीय जनता पार्टी के झांसी जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों एवं सहप्रभारियों के साथ बैठक कर विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर रणनीति पर मंथन किया गया।
बैठक के दौरान डिजिटल लर्निंग अभियान, पन्ना प्रमुख, ‘मन की बात’ सहित विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने पदाधिकारियों से संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर समरसता संकल्प अभियान में जिम्मेदारी निभा रहे संयोजक एवं सहसंयोजकों का स्वागत भी किया गया। जिलाध्यक्ष ने अभियान से जुड़े पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर की मजबूत संरचना से होती है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार सक्रिय रहकर कार्य करें और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया गया।


