सीवर लाइन निर्माण में देरी को लेकर जताई नाराजगी, मेयर पुत्र पर लगाए गंभीर आरोप
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। संतलाल हाता क्षेत्र के सैकड़ों निवासी नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर नगर निगम परिसर में विरोध जताया तथा क्षेत्र में सीवर लाइन का कार्य शुरू न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि संतलाल हाता क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का कार्य लंबे समय से लंबित है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में सीवर व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र सीवर लाइन निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। उनका कहना था कि संबंधित कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो पाया है।
प्रदर्शनकारियों ने मेयर प्रमिला पाण्डेय एवं उनके पुत्र बंटी पाण्डेय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुछ आरोप भी लगाए। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
स्थानीय पार्षद पवन गुप्ता ने भी क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि संतलाल हाता के निवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है और सीवर लाइन का कार्य जल्द शुरू होना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करने पर विचार करेंगे। वहीं नगर निगम प्रशासन से क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।


