HomeBundelkhandसांसद अनुराग शर्मा ने CM योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात

सांसद अनुराग शर्मा ने CM योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात

सांसद ने झांसी बीडा की जमीन कंपनियों को दिए जाने से पहले FAR Area बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि FAR Area बढ़ाए जाने पर अधिक कंपनियाँ निवेश के लिए आकर्षित होंगी और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा।

  • शालिनी शर्मा

लखनऊ/झांसी। झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सांसद के साथ FICCI FLO की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनकी धर्मपत्नी पूनम शर्मा भी उपस्थित रहीं।

मुलाकात के दौरान सांसद शर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के बावजूद आज भी बुनियादी सुविधाओं और निवेश की कमी से जूझ रहा है। सांसद ने मुख्यमंत्री से इस क्षेत्र में विकास की गति बढ़ाने का आग्रह किया।

सांसद शर्मा ने विशेष रूप से झांसी में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे पर शीघ्र कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा चिन्हित चार स्थलों पर निरीक्षण के बाद तैयार की गई प्रारंभिक रिपोर्ट पर जल्दी निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र में हवाई सेवाओं का विस्तार हो और पर्यटन तथा औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिले।

इसके अतिरिक्त सांसद ने झांसी और ललितपुर में 150 से अधिक आबादी वाली बसावटों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की योजनाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।

सांसद ने झांसी-मानिकपुर रेल सेक्शन के संख्या-369 पर 4 लेन उपरिगामी सेतु (आरओबी) निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि यह सेतु क्षेत्र के यातायात, सुरक्षा और कनेक्टिविटी के लिहाज से अत्यंत आवश्यक है।

साथ ही, सांसद ने झांसी बीडा की जमीन कंपनियों को दिए जाने से पहले FAR Area बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि FAR Area बढ़ाए जाने पर अधिक कंपनियाँ निवेश के लिए आकर्षित होंगी और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा।

अंत में सांसद अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन सभी योजनाओं पर शीघ्र कार्यवाही की जाए, ताकि बुंदेलखंड क्षेत्र, विशेषकर झांसी-ललितपुर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदृष्टि और संवेदनशीलता से क्षेत्र की विकास यात्रा और गति पकड़ पाएगी तथा जनता को नए अवसर मिलेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments